केन्द्रीय रेल मंत्री कुमारी ममता बनर्जी, रेल राज्य मंत्री श्री ई. अहमद और श्री के.एच. मुनियप्पा, समूचे रेल बोर्ड और रेल कर्मचारी यूनियनों के प्रमुखों ने एक लिखित संयुक्त अपील में रेल कर्मचारियों से आग्रह किया है कि वे अपने सच्चे प्रयासों और कड़ी मेहनत से रेल प्रणाली को मजबूत बनाएं ताकि रेलवे कुशलता के मामले में किसी अन्य संगठन से पीछे न रहे । यह संयुक्त अपील देश भर में सभी रेलवे कर्मचारियों को भेजी गयी है और उनसे ऐसा सच्चा प्रयास और कड़ी मेहनत करने का अनुरोध किया गया है कि रेलवे कुशलता के मामले में किसी अन्य संगठन से पिछड़ने न पाये । यह संयुक्त अपील रेल विभाग में काम करने वाले सभी कर्मचारियों के परिवारों के सदस्यों को भेजी गयी है और उसमें कहा गया है कि रेलवे का यह विशाल तंत्र रेल कर्मचारियों की गहन निष्ठा और कठिन परिश्रम के ही बलबूते पर चल रहा है ।
रेल कर्मचारियों की क्षमता और आस्था में अमिट विश्वास रखते हुए कहा गया है कि वे जनता और राष्ट्र के सर्वोच्च हित को ध्यान में रखते हुए कठिन श्रम और निष्ठा बनाये रखते हुए सेवा के आदर्श रूप को संजोए रखें ।
रेलगाड़ियों के संचालन में सुरक्षा के पहलुओं का जिक्र करते हुए रेल कर्मचारियों से आग्रह किया गया है कि वे पूरी तरह सजग रहें, सुरक्षा कभी सोती नहीं । कर्तव्य के निर्वहन में कोई शार्टकट नहीं चलता ।
वेतनों और भत्तों में हाल में की गयी वृध्दि का उल्लेख करते हुए संयुक्त अपील के संदर्भ में कु0 ममता बनर्जी ने कहा कि इससे रेल कर्मचारियों पर गुरूतर दायित्व आ गया है कि वे जनता को सुरक्षित, निरापद और नियमित सेवा की गुणवत्ता प्रदान करें जिससे भारतीय रेलवे सक्षमतापूर्वक यात्रियों और माल के आवागमन के दायित्व को कुशलतापूर्वक निभा सके ।
संयुक्त अपील में रेल कर्मचारियों को अपने कर्तव्य निर्वहन की याद दिलाते हुए कहा गया है कि वे असुरक्षित और अवांछनीय तरीके अपनाने से बचें क्योंकि इसके दुष्परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं ।
चालू वित्त वर्ष के पहले छ: महीनों के दौरान की सफलताओं का उल्लेख करते हुए संयुक्त अपील में कहा गया है कि रेलवे द्वारा माल ढुलाई में 6.45 प्रतिशत और यात्री परिवहन में 4.50 प्रतिशत की वृध्दि हुई है । रेलवे की आय में भी 6.7 प्रतिशत की वृध्दि हुई है और यह पिछले वर्ष के 37732 करोड़ रुपये की तुलना में चालू वित्त वर्ष में 40259 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है ।
Yuva Sandesh Comments
1 day 11 hours ago
1 week 1 day ago
1 week 2 days ago
1 week 2 days ago
1 week 2 days ago
1 week 2 days ago
1 week 4 days ago
1 week 5 days ago
2 weeks 6 days ago
4 weeks 2 days ago